स्वाध्याय और लगन से अल्मोड़ा के वैभव कांडपाल ने पाया मुकाम
अल्मोड़ा के जाखन देवी मंदिर के पास रहने वाले वैभव कांडपाल ने बुधवार की देर रात घोषित हुए पीसीएस 2021 की मुख्य परीक्षा में दूसरा स्थान पाया। कुछ दिन पहले ही घोषित हुए अधिशासी अधिकारी के परिणाम में उन्होंने उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त की थी। वे इस समय नैनीताल स्थित प्रशिक्षण केंद्र में ट्रेनिंग कर रहे हैं।
कुमाऊं मंडल विकास निगम से सेवानिवृत्त राजेंद्र प्रसाद कांडपाल और लोहाघाट स्थित स्कूल में प्रवक्ता लीला कांडपाल के बड़े पुत्र वैभव कांडपाल ने बताया कि उनका शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य था। उन्होंने किसी बड़े इंस्टीट्यूशन से तो तैयारी नहीं की लेकिन मॉक इंटरव्यू की मदद से वह अपनी शैक्षिक क्षमता बढ़ाते रहे।
पंकज बोले- धैय रखकर मेहनत से जरूर मिलती है सफलता
हल्द्वानी शहर के छड़ायल सुयाल निवासी पंकज भट्ट को पीसीएस परीक्षा में तीसरी रैंक मिली है। उनकी सफलता से घर परिवार में खुशी की लहर है। वर्तमान में पंकज भट्ट खटीमा में आबकारी निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उनका कहना है कि कोई भी व्यक्ति मेहनत के साथ-साथ धैर्य रखे तो वह सफल हो सकता है। उनकी सफलता के बाद घर परिवार में खुशी की लहर है।
पंकज भट्ट मूल रूप से अल्मोड़ा के जैंती गांव निवासी हैं। उनके पिता बंशीधर भट्ट जीआईसी फूलचौड़ में प्रयोगशाला सहायक के पद पर तैनात हैं जबकि माता इंद्रा भट्ट गृहिणी हैं। उनके छोटे भाई नीरज भट्ट भोपाल से पीएचडी कर रहे हैं। पंकज का कहना है कि वह लंबे समय से पीसीएस की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा कि यदि धैर्य रखकर और मन लगाकर मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता, स्व. चाचा सुरेश चंद्र भट्ट और उन्नति मिश्रा को दिया है।