पार्टी में मिल सकता है अहम दायित्व
अजय भट्ट प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष सहित विभिन्न दायित्व संभाल चुके हैं। अनेक बार विधायक, दो बार सांसद रह और मंत्री रह चुके हैं। पार्टी और जनता के बीच में बहुत लोकप्रिय और बेहद सक्रिय रहते हैं और हर कार्यकर्ता से व्यक्तिगत संपर्क और संबंध उनकी विशेषता है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इसी माह परिवर्तन होना है और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्र में मंत्री बनाए जा चुके हैं। ऐसे में प्रबल संभावना है कि उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद अथवा कोई महत्वपूर्ण दायित्व दिया जाए।
ढाई वर्ष के कार्यकाल में किए कई अहम कार्य
7 जुलाई 2021 को उन्हें पर्यटन और रक्षा राज्यमंत्री का दायित्व दिया गया जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। हालांकि बतौर मंत्री उन्हें केवल ढाई वर्ष का कार्यकाल मिला लेकिन इस अवधि में और पूर्व में बतौर सांसद उन्होंने जमरानी बांध की स्वीकृति, काठगोदाम नैनीताल रोपवे, सात सौ करोड़ से हल्द्वानी नैनीताल मार्ग को डबल लेन बनवाने, रामगढ़ में विश्व भारती केंद्रीय विवि कैंपस की स्वीकृति के अलावा नैनीताल, भवाली में पार्किंग, सुशीला तिवारी अस्पताल में कैथ लैब, काठगोदाम अमृतसर ट्रेन, हल्द्वानी में केरल की तर्ज पर आयुर्वेदिक अस्पताल, दो सौ करोड़ से बलियानाले के उपचार, खैरना पुल निर्माण, कुमाऊं में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, हर घर नल योजना सहित दर्जनों कार्यों को स्वीकृत और प्रारंभ करवाया।