गणाई गंगोली में शिक्षकों और छात्रों ने बुझाई पहुंची जंगल की आग
जंगलों में लगातार आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। कई स्थानों पर आग गांवों तक पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। गणाई में जीआईसी परिसर तक पहुंची आग को शिक्षकों और बच्चों ने बुझाया।गंगोलीहाट, गणाईगंगोली तहसील के अंतर्गत ग्रामसभा बासीखेत, वड्यूड़ा, देवराड़ी पंत और पासदेव के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है। सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज गांधीनगर के निकट आग पहुंच गई। रविवार रात आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर स्टेशन पिथौरागढ़ को सिलोनी गांव के नासूल तोक में जंगल की आग से दो मकानों को खतरे की सूचना मिली। प्रभारी अग्निशमन नरेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में फायर यूनिट की टीम सिलोनी गांव के नासूल तोक पहुंची। जहां पर खिलानंद जोशी और देवेंद्र जोशी के मकान में आग लगी थी। तत्काल फायर यूनिट ने एमएफई से पंपिंग कर आग पर काबू पाया।
इसके बावजूद मकान की छत सहित अन्य सामान जल गया।
सोमवार को पिथौरागढ़ के नजदीकी धारी धमौड़ गांव के जंगलों में आग लग गई। डीएफओ आशुतोष सिंह का कहना है कि लोगों से वनों की आग पर नियंत्रण के लिए सहयोग की अपील की गई है। वनों में आग लगाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।