कालाढूंगी में दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर के बाद दोनों में आग लग गई। हादसे में एक बाइक पर सवार दो लोगों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार दंपति और वहां से गुजर रहे दोपहिया वाहन सवार दो अन्य व्यक्ति झुलस गए।
कालाढूंगी हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत के बाद आग लगी तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंद पलों में केटीएम बाइक सवार दोनों शख्स आग की लपटों में घिर गए। मदद के लिए उनके चीखने-चिल्लाने की आवाज से इलाका गूंज उठा। चीत्कार से लोगों की रूह कांप गई। किसी की भी उनके करीब तक जाने की हिम्मत नहीं हुई। हालांकि इस बीच कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। अंत में दोनों के जीवन की उम्मीद ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
हादसे के दौरान ट्रैफिक भी थम गया और दुर्घटनास्थल के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। आग की लपटें जंगल की ओर बढ़ने लगीं। हादसे के दौरान ट्रैफिक भी थम गया और दुर्घटनास्थल के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। आग की लपटें जंगल की ओर बढ़ने लगीं।
तब कुछ लोगों ने पेड़ों की टहनियां तोड़कर जंगल की आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन इतनी विकराल आग पर सिर्फ टहनियों से काबू पाना संभव नहीं था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक खुलवाकर फायर ब्रिगेड को भी घटना की सूचना दी। करीब दो घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम ने पानी की बौछार कर जंगल की आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
तहसीलदार कालाढूंगी डॉ. ललित मोहन तिवारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। देर रात दोनों लोगों के शव मोर्चरी भेज दिए गए।
दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मृतक दो व्यक्तियों को देखने की भी कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। आग से वह बुरी तरह जल चुके थे। बाइकें जलकर ऐसी हो गई थीं कि उनकी नंबर प्लेट का भी पता नहीं लग पा रहा था।