नैनीताल/रामनगर। जिले में दो और कोरोना मरीज रिपोर्ट हुए हैं। दोनों प्रवासी हैं। इनमें से एक बेतालघाट के धनियाकोट, जबकि दूसरा रामनगर के बसई निवासी है। दोनों कुछ दिन पहले बाहर से लौटे हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 30 हो गई है।
नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि बेतालघाट निवासी 31 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह 15 मई को मुंबई से बेतालघाट आया था। 20 मई को उसे नैनीताल में क्वारंटीन किया गया। 21 मई को सैंपल जांच के लिए भेजा था। उसे सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है। उधर, 19 मई को दिल्ली से रामनगर के बसई कार बुक कर आया युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। कार में आठ लोग सवार थे।
उसी गाड़ी में था जिसमें चार पॉजिटिव मिले थे
बेतालघाट। कोरोना पॉजिटिव मिला युवक 15 मई को मुंबई से धनियाकोट पहुंचा था। वह उसी गाड़ी में सवार था, जिसमें बागेश्वर के चार कोरोना पॉजिटिव मिले थे। उसके साथ पांच और लोग बस से सीधे धनियाकोट स्थिति राजकीय इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में पहुंचे थे। जहां से दूसरे दिन बागेश्वर के युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें भी नैनीताल स्थिति क्वारंटीन सेंटर में भेजा था। ग्रामीणों के मुताबिक जिस युवक की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव मिली है वह गांव में सीधे किसी के संपर्क में नहीं आया है। परंतु यह पता चला कि धनियाकोट में क्वारंटीन के दौरान उसके परिवार वाले उसे खाना देने गए थे।
20 मई को आई थी पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव
नैनीताल। सूखाताल स्थित क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन किए गए प्रवासियों में से पांच लोगों की रिपोर्ट 20 मई को पॉजिटिव आई थी। ये सभी बेतालघाट के ही रहने वाले थे। शनिवार को एक और प्रवासी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद अब नैनीताल में पॉजिटिव मरीजों की संख्या छह हो गई है।
तिवारी गांव से लिए सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव निकली
बेतालघाट। तिवारी गांव से लिए गए 25 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग की नौ टीमों ने अभियान चलाकर पूरे तिवारी गांव को आइसोलेट किया था और जांच टीमों ने घर-घर जाकर लोगों के सैंपल लिए थे।
घर पहुंचने पर खुद ही पहुंच गया था कोतवाली
रामनगर (नैनीताल)। सप्ताह भर में रामनगर में तीन युवक कोरोना पॉजिटिव आ गए हैं। शनिवार को जो युवक कोरोना पॉजिटिव आया है वह 19 मई को दिल्ली से रामनगर के बसई में आया था। वह दिल्ली से कार बुक कर आया था। कार में आठ लोग सवार थे। बसई, पीरूमदारा का रहने वाला युवक मंडावली चंद्रविहार, दिल्ली से लौटा। घर पहुंचने के बाद वह खुद ही कोतवाली गया। जहां से उसे छोई स्थित एक रिसॉर्ट में क्वारंटीन किया गया। 21 मई को उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। संयुक्त अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. प्रशांत कौशिक ने बताया कि पुलिस और प्रशासन उनकी जानकारी भी जुटा रहा है, जो युवक के साथ दिल्ली से आए थे। संवाद