हल्द्वानी में पुलिस की गिरफ्त में लिफाफा गैंग के सदस्य। अमर उजाला
हल्द्वानी। मोटाहल्दू की महिलाओं को झांसा देकर जेवरात ठगने वाले लिफाफा गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने मंडी बाईपास पर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पास से दो मंगलसूत्र और लिफाफा बरामद कर दो अन्य आरोपियों पुलिस तलाश कर रही है।
मोटाहल्दू निवासी भगवती पांडे अपनी रिश्तेदार कमला के साथ तीन सितंबर को सुयालबाड़ी जाने के लिए हल्द्वानी बस अड्डे के पास पहुंचीं। यहां पर कार सवार ठगों ने उन्हें वाहन में बैठाया और झांसे में लेकर दोनों के मंगलसूत्रों को लिफाफा में रखकर उन्हें दूसरा लिफाफा थमा दिया। सुयालबाड़ी में उन्होंने जब लिफाफा खोला को उसमें पत्थर मिले। इस मामले में भगवती पांडे के पुत्र कमल ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
बहुउद्देशीय भवन में एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस की गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज से ठग गिरोह के सदस्यों को पहचाना और सूचना पर पुलिस ने मंडी बाईपास से कार सवार ठग गिरोह मो. ईशान निवासी छिपीटोला किला, एक मीनार मस्जिद जिला बरेली और मो. नासिर उर्फ गुड्डू मछेना निवासी मोतीलाल बजरिया थाना किला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के दो मंगलसूत्र और लिफाफे बरामद कर लिए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली।
दोनों ने बताया कि वे रोडवेज और केमू स्टेशन के आसपास पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों को वाहन में बैठाकर उनसे जेवरात ठग लेते थे। उनके दो साथी साबेज और इकरार की भी पुलिस तलाश कर रही है। बताया कि गिरफ्तार गिरोह के सदस्याें ने हल्द्वानी, रुद्रपुर और हरिद्वार में भी कई वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।
पुलिस टीम में कोतवाल अरुण सैनी, उपनिरीक्षक रवींद्र राणा, सिपाही इसरार अहमद, इसरार नबी, सुरेंद्र सिंह, दीवान सिंह कोरंगा और ममता कश्यप शामिल हैं। वहीं बाराबंकी पुलिस ने भी दोनों आरोपियों के बारे में कोतवाल अरुण कुमार सैनी से संपर्क कर जानकारी मांगी है। इधर, लालकुआं में कुछ दिन पहले दो महिलाओं के जेवरात ठगने के मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है।