फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दबंगई से परेशान पीलीभीत और फतेहगंज के युवकों ने की हत्या, गिरफ्तार

विज्ञापन
हल्द्वानी में लालडांठ रोड स्थित खेत में हुई युवक की हत्या के बाद रोती बिलखती मृतक की बहन व अन्य।
विज्ञापन
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के मल्ली बमौरी में युवक की हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव घर से कुछ दूर एक खेत में पड़ा मिला। हत्यारों ने मृतक के सिर पर संबल से वार कर आरपार कर दिया था। पुलिस ने चार घंटे में मामले का खुलासा कर टेंपो चालक और राज मिस्त्री को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त संबल और अन्य सामान बरामद कर लिया है। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम दिया है।
विज्ञापन

मुखानी थाना क्षेत्र के मल्ली बमौरी इलाके में बृहस्पतिवार सुबह दस बजे हलचल मच गई। लालडांठ रोड स्थित शिव शक्ति विहार कॉलोनी के ठीक सामने खाली पड़े खेत में एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा था। लोगों की सूचना पर मुखानी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराई तो पता चला कि शव लालडांठ बिठौरिया निवासी कुनाल सिंह बिष्ट उर्फ सोंटा उर्फ सोनू (34) पुत्र नवल किशोर का था। कुनाल के परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात करीब नौ बजे उसे एक युवक घर से बुलाकर ले गया था। तब से वह लापता था। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। मामले की छानबीन के बाद देर शाम पीलीभीत जिला निवासी गंगाधर और बरेली के फतेहगंज निवासी रामपाल को फतेहपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कुबूल की है। मुखानी पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दबंगई से परेशान थे हत्यारोपी
मुखानी थाने के एसओ दीपक सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी गंगाधर हल्द्वानी के मल्ली बमौरी में रहकर टेंपो चलाता है, जबकि रामपाल राज मिस्त्री है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि कुनाल आए दिन दबंगई दिखाते हुए उन्हें परेशान करता था। कभी जबरन शराब मंगाता था तो कभी मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए दबाव डालता था। बुधवार शाम भी कुनाल ने पहले दोनों से जबरन मोबाइल रिचार्ज करवाया और उसके बाद उनसे बियर मंगाई थी। इसके बाद उन्होंने उसे मारने की योजना बना ली। बीयर खरीदकर रात 9 से 10 बजे दोनों घटनास्थल पर पहुंचे और कुनाल को बुलाया। कुनाल के पहुंचने के बाद तीनों ने बियर पी। रात करीब 12:30 बजे कुनाल के नशे में होने पर उन्होंने पिटाई की और हाथ तोड़ दिया। इसके बाद संबल से सिर पर हमला कर आर-पार कर दिया। हत्या के बाद उन्होंने उसके शव को करीब 100 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया और शव से करीब 150 मीटर की दूरी पर हत्या में इस्तेमाल संबल को जमीन में दबा दिया।
विज्ञापन

परिवार का बड़ा बेटा था कुनाल
कुनाल के पिता नवल किशोर बेरोजगार हैं और मां विमला देवी पास के ही निजी अस्पताल में कर्मचारी हैं। कुनाल चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई मनीष पिछले कई साल से घर से अलग दमुवाढूंगा में रहता है। कुनाल की मौत की खबर सुनते ही उसकी बहन पूजा रोती-बिलखती घटनास्थल पर पहुंच गई और अपने भाई को आखिरी बार देखने की इच्छा जाहिर करने लगी। हालांकि साथ में पहुंचे परिजन पूजा को ढाढ़स बंधाते हुए घर ले गए। कुनाल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक कुनाल ब्याज पर दिए रुपये की वसूली करने का काम करता था। आर्म्स एक्ट में कुनाल के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज है।
घटनास्थल पर मिली बियर की बोतल और अन्य सामान
पुलिस ने घटनास्थल पर जब छानबीन की तो पुलिस को शव के पास से कुनाल का पर्स, टूटा मोबाइल, सिगरेट की डिब्बी, माचिस मिली। शव से कुछ दूरी पर बियर की खाली केन और अन्य सामान मिला। गहनता से जांच-पड़ताल के लिए पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड को भी बुलाया।
चार घंटे में हुआ हत्या का खुलासा
एसएसपी पंकज भट्ट ने एसओजी और सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल को तत्काल काम पर लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के मोबाइल ट्रेस किए और घटनास्थल से फतेहपुर तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी का कहना है कि पुलिस टीम ने मामला संज्ञान में आने के बाद चार घंटे में हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम को 2500 रुपये का ईनाम दिया गया है।
शराबियों और जुआरियों का अड्डा है घटनास्थल
जिस खेत में कुनाल की हत्या हुई, वह शराबियों, जुआरियों का अड्डा बन चुका है। लोगों का कहना है कि इस जगह हर रोज शाम से ही लोग एकत्र होकर शराब पीने, जुआ खेलने समेत अन्य तरह की गतिविधियां शुरू कर देते हैं। आसपास घर होने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतें भी होती हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
--वर्जन---
आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्होंने वारदात को स्वीकार भी कर लिया है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उनके मूल जिलों से उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी मांगी गई है। -पंकज भट्ट, एसएसपी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें