हल्द्वानी। सरकार की सख्ती के बावजूद स्कूल संचालक बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाह बने हुए हैं। बीते दिनों स्कूल वाहनों के ऑडिट में काशीपुर और रुद्रपुर के स्कूल वाहनों में सर्वाधिक खामियां पाई गई हैं। विभाग की ओर से स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट और बाल संरक्षण आयोग की ओर से स्कूली बच्चों की सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता व्यक्त की जा रही है। इसके बावजूद स्कूल संचालक बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। बीते दिनों बाल संरक्षण आयोग के निर्देशन पर आरटीओ प्रवर्तन की अलग-अलग टीमों ने हल्द्वानी रीजन के पांच शहरों के 132 स्कूलों के 917 स्कूल वाहनों का ऑडिट किया था। आरटीओ प्रवर्तन नंदकिशोर ने बताया कि ऑडिट में सर्वाधिक काशीपुर के 117 और रुद्रपुर के 116 स्कूल वाहनों में कमियां पाई गई थीं। इसके अलावा रामनगर के भी 11 स्कूल वाहनों में भी मानक पूरे नहीं पाए गए थे। बताया कि संबंधित सभी स्कूल संचालकों को नोटिस भेजकर जल्द वाहनों को दुरुस्त करने और मानकों को पूरा करने के निर्देश दे दिए हैं। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की भी बात कही है।
अभिभावकों के सुझाव होंगे शामिल
आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि बीते दिनों विधा रथी नाम से जिस वेबसाइट को लांच किया गया है, उस पर अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर अपने सुझाव भी दे सकते हैं। भविष्य में अगर बच्चों की सुरक्षा को लेकर विभाग तय मानकों में बढ़ोतरी करने की जरूरत समझता है तो विभाग उसमें अभिभावकों को सुझावों को महत्व देगा।
कहां कितने स्कूल और कितने वाहनों का ऑडिट
शहर स्कूल बसें सही बसें फेल बसें
हल्द्वानी 22 120 120 0
काशीपुर 34 229 112 117
रुद्रपुर 57 462 346 116
रामनगर 10 81 50 11
टनकपुर 09 25 24 01
जुलाई में स्कूलों का संचालन शुरू होने पर एक बार फिर वाहनों का ऑडिट किया जाएगा। उस समय भी अगर स्कूल वाहनों में खामियां पाई जाती हैं तो स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- नंदकिशोर, आरटीओ प्रवर्तन, हल्द्वानी संभाग