रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पार्क के सर्पदुली रेंज में हिंसक हुई बाघिन को ट्रैंक्यूलाइज कर लिया गया है। ट्रैंक्यूलाइज करने के दौरान बाघिन ने रेस्क्यू टीम की जिप्सी पर तीन बार हमला भी किया। बाघिन का डीएनए सैंपल डब्ल्यूआईआई को भेजकर उसे ढेला रेस्क्यू सेंटर पर रखा गया है।
बाघिन ने 15 जून को धनगढ़ी क्षेत्र में कार्य कर रहे एक श्रमिक पर हमला कर उसे मार डाला था। 17 जून को बाघिन ने बाइक सवार श्रमिक बॉबी को भी सर्पदुली क्षेत्र में हमला कर घायल कर दिया था। गनीमत रही कि बॉबी के पीछे जिप्सी आ रही थी। लोगों के शोर मचाने पर बाघिन चली गई। कॉर्बेट प्रशासन ने बाघिन को पकड़ने की अनुमति ली थी। बाघिन की पहचान करने के बाद शुक्रवार शाम करीब सात बजे कॉर्बेट के पशु चिकित्सक डॉ. दुष्यंत शर्मा ने बाघिन को ट्रैंक्यूलाइज कर दिया। अब बाघिन को ढेला रेस्क्यू सेंटर में रखा गया है।
कॉर्बेट पार्क के निदेशक नरेश कुमार ने बताया कि रेस्क्यू टीम की जिप्सी पर बाघिन ने पहले तीन बार हमला किया। जब वह चौथी बार हमला करने आई तब उसे ट्रैंक्यूलाइज किया गया। रेस्क्यू टीम में कॉर्बेट पार्क के उपनिदेशक नीरज कुमार, एनडीए के नामित सदस्य कुंदन सिंह खाती, कॉर्बेट फांउडेशन के निदेशक डॉ. हरेंद्र बर्गली और पशु चिकित्सक डॉ. दुष्यंत शर्मा थे।