फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिंदगी की जंग हारे टीपीनगर चौकी प्रभारी नरेश पाल

विज्ञापन
चौकी प्रभारी नरेश पाल सिंह यादव की फाइल फोटो
विज्ञापन
हल्द्वानी। वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवारों के टक्कर मारने से घायल चौकी प्रभारी नरेश पाल सिंह की सोमवार को बरेली स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनका पांच दिनों से इलाज चल रहा था। नरेश पाल सिंह मूल रूप से मुरादाबाद के रहने वाले थे। उनका परिवार काशीपुर में रहता है।
विज्ञापन

टीपीनगर चौकी प्रभारी नरेश पाल सिंह 25 दिसंबर की रात 11 बजे देवलचौड़ चौराहे पर सिपाहियों के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वहां से गुजर एक बाइक पर सवार दो लोग बाइक रोकने के बजाय उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था। चौकी प्रभारी सिर के बल सड़क पर गिरे थे। घटना के बाद चौकी प्रभारी को ठंडी सड़क स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हालत गंभीर होने पर अगले दिन बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की टीम ने उनके सिर का ऑपरेशन किया, लेकिन उन्हें होश नहीं आया। सोमवार को डॉक्टरों ने चौकी प्रभारी को मृत घोषित कर दिया। नरेश पाल की दो बेटियां और दो बेटे हैं। डीआईजी जगत राम जोशी, एसएसपी सुनील कुमार मीणा, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ दिनेश चंद्र ढौंडियाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने उनकी मौत पर शोक जताया है।
विज्ञापन

मेडिकल रिपोर्ट आने पर बढ़ेगी धाराएं
मुकदमे के विवेचक भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने चौकी प्रभारी नरेश पाल सिंह को टक्कर मारने वाले हरिपुर पूर्णानंद गोरापड़ाव निवासी प्रवीण उर्फ पिंटू जोशी और पदमपुर देवलिया निवासी सूरज लटवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों के खिलाफ धारा 307,333 के तहत मुकदमा दर्ज है। विवेचक का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने पर ही धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
व्यवहार कुशल और ईमानदार थे नरेश पाल : डीआईजी
डीआईजी जगतराम जोशी ने बताया कि चौकी प्रभारी नरेश पाल की मौत का उन्हें निजी तौर पर काफी दुख है। 2010-11 में काशीपुर में नरेश पाल उनके अधीन काम कर चुके थे। वह व्यवहार में कुशल और ड्यूटी के प्रति ईमानदार थे।
2006 बैच के दरोगा थे नरेश पाल
नरेश पाल 1990 बैच के सिपाही थे। 2006 में विभागीय प्रोन्नति के तहत वह दरोगा बने थे। पुलिस रिकार्ड के अनुसार मुरादाबाद जिले के अमदा रायपुर (थाना मुड़ापांडे) के मूल निवासी नरेश पाल सिंह यादव पुत्र आरसी यादव एमए तक पढ़े थे। उनका जन्म 19 जून 1971 को हुआ था। टीपीनगर चौकी प्रभारी के पद पर नरेश पाल की तैनाती 13 दिसंबर 2019 को हुई थी। इसके पहले नरेशपाल रामनगर थाने में तैनात थे। एसएसपी ने एक अच्छा उपनिरीक्षक मानते हुए उनकी तैनाती टीपीनगर चौकी प्रभारी के पद पर की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें