हल्द्वानी/लालकुआं। अवैध खनन पर राज्यपाल के सख्त निर्देश के बाद सरकारी महकमे हरकत में आ गए हैं। प्रशासन, वन, परिवहन विभाग की टीमों ने गौला और नंधौर क्षेत्र में छापे मारे। इसमें आधा दर्जन से अधिक वाहन अवैध खनन में पकड़ में आए। इसके अलावा लालकुआं गेट के पास अवैध खनन के लिए चोर रास्ते का भी पता चला है।
तराई पूर्वी वन प्रभाग के गौला रेंज की टीम लालकुआं गेट के पास चेकिंग को पहुंची थी। गेेट से कुछ दूर पहले ही टीम को धूल उड़ती दिखी। जब टीम ने जांच की तो पता चला कि अवैध खनन करने वालों ने चोर रास्ता बनाया हुआ था। जहां से बेफ्रिकी से खनिज की चोरी हो रही थी। आरओ गौला चंदन अधिकारी कहते हैं कि तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
मौके पर तीन वाहन पकड़कर सीज कर दिए गए हैं। चोर रास्ता भी बंद कर दिया गया है। डीएफओ डा. पराग मधुकर धकाते कहते हैं कि नंधौर खनन क्षेत्र में जांच की गई। यहां पर दो वाहन पकड़े गए हैं, इन्हें बंद कर दिया गया है। एसडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया परिवहन विभाग के साथ बरेली रोड पर चेकिंग की।
यहां पर दो वाहनों को अवैध खनन और पेपर प्रस्तुत नहीं करने पर पकड़ा गया। इनको बंद कर दिया गया है। वहीं, डीएम व जिला खनन समिति अध्यक्ष का पत्र खनन से जुड़े विभागों को जारी किया गया है। इसमें अवैध खनन को रोकने के लिए की गई कार्रवाई का ब्यौरा प्रतिदिन देने का निर्देश दिया गया है।