एमबीपीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे तीनों फेल छात्रनेता मंगलवार को चार दिन में पास हो गए। इस मामले को लेकर छात्रनेताओं ने समर्थकों के साथ घंटों कालेज में हंगामा किया।
कालेज से कुमाऊं विश्वविद्यालय को इस संबंध में पत्र जाने तक प्राचार्य को घेरे रहे। इधर, डिप्लोमा इन इंटीरियर एंड एक्सटीरियर डेकोरेशन के तीनों छात्रों से पांच - पांच सौ रुपये विलंब शुल्क जमा कराने के बाद प्रोजेक्ट जमा कर उन्हें डेकोरेशन विभाग द्वारा इसके नंबर देने के उपरांत विवि ने तीनों छात्रनेताओं का उत्तीर्ण होने का रिजल्ट जारी कर दिया। अब वे बुधवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
एमबीपीजी कालेज छात्र संघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर अर्जुन संभल और वतन शुक्ला तथा सचिव पद पर पंकज रावत चुनाव लड़ रहे हैं। ये तीनों प्रत्याशी डिप्लोमा इन इंटीरियर एंड एक्सटीरियर डेकोरेशन के छात्र हैं। कुमाऊं विवि द्वारा शनिवार को ही इसका रिजल्ट घोषित किया गया था जिसमें ये तीनों छात्र फेल हो गए थे।
डेकोरेशन विभाग के प्रो. सुधीर नैनवाल ने बताया कि प्रोजेक्ट जमा करने की अंतिम तिथि तीन सितंबर थी लेकिन तीनों छात्रों ने प्रोजेक्ट जमा नहीं किए। तीनों छात्रों ने सोमवार को पांच - पांच सौ रुपये विलंब शुल्क अदा कर प्रोजेक्ट जमा किए जिसके बाद प्रोजेक्ट के नंबरों की लिस्ट कुमाऊं विवि को भेज दी गई। बताया गया है उन्हें प्रोजेक्ट में 25-25 अंक दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय के नियमों के तहत रिजल्ट घोषित होने के एक माह के अंदर पांच सौ रुपये विलंब शुल्क जमा करके प्रोजेक्ट जमा किया जा सकता है। एमबी कालेज के तीनों फेल छात्रनेताओं ने विलंब शुल्क जमा किया तथा उनके प्रोजेक्ट के अंक मिल गए हैं। इस आधार पर रिजल्ट सुधार कर वतन शुक्ला, अर्जुन संभल और पंकज रावत को पास कर दिया गया है।
- प्रो. रजनीश पांडेय, परीक्षा नियंत्रक, कुमाऊं विवि