रामनगर। मंगलवार को रामनगर में तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। आम आदमी पार्टी से शिशुपाल सिंह रावत, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी से चिंताराम और निर्दलीय रविंद्र रौतेला ने पर्चा दाखिल किया।
आप आदमी पार्टी के शिशुपाल सिंह रावत ने सुबह 11 बजे नामांकन किया। इस दौरान एडवोकेट जगतपाल सिंह रावत, भास्कर जोशी, नवीन नैथानी, मंजू रावत, गौरव रावत, राजेंद्र सिंह, सुनीता रावत मौजूद रहे। हलफनामा में उन्होंने बताया कि एक मुकदमा 420, 467, 468, 471 दर्ज है। उनके स्वयं के पास 1.37 लाख कैश, पत्नी के पास 1.53 लाख कैश, बैंक में 43.70 लाख, 78 लाख रुपये की कृषि भूमि उनके पास, 55 लाख का मकान पत्नी के नाम पर है। वहीं उनके नाम पर 11.77 लाख और पत्नी के नाम पर 27.25 लाख का ऋण है।
जबकि चिंताराम के नामांकन में महिलाएं प्रस्तावक थीं। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय महासचिव प्रभात ध्यानी ने कहा कि यह चुनाव वनगांव और रामनगर के लोगों के साथ सत्तारूढ़ पार्टियों भाजपा-कांग्रेस की ओर से बार-बार धोखा दिए जाने के खिलाफ है। इस दौरान लक्ष्मी देवी, इंदिरा देवी, जीवंती देवी, किरण आर्य, शांति देवी, मुन्नी देवी, सुनीता, पूरन सिंह मेहरा आदि थे। दूसरी ओर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रविंद्र सिंह रौतेला ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।