हल्द्वानी निलियम कालोनी स्थित शिव विहार में चोरों द्वारा खंगाली गई अलमारी दिखाती घर की मालकिन।
- फोटो : अमर उजाला
शिवबिहार कालोनी डहरिया स्थित आढ़ती के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात (वजन करीब 14 तोला) और 13 हजार रुपये नगदी पार कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद टीपीनगर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से चोरों की गैती और प्लास बरामद किया। घटना के चलते कालोनी के लोग चोरों से भयभीत हो गए हैं।
शिवबिहार कालोनी निवासी मुलक अरोरा अपनी पत्नी राज रानी अरोड़ा के साथ 15 सितंबर को किच्छा में रहने वाले अपने भाई डॉ. एस के अरोड़ा से इलाज कराने के लिए गए थे। मधुमेह से पीड़ित होने के कारण व्यवसायी अपने भाई के घर ठहर गए। सोमवार की दोपहर दंपत्ति आए तो मुख्य गेट बंद था लेकिन अंदर के दरवाजे को के ताले को चोरों ने तोड़ दिया था।
अंदर का जायजा लेने पर पता चला कि चोरों ने किचेन से घड़ी निकाली। अंदर बेडरूम से एलसीडी निकालने के साथ साथ आलमारी का ताला तोड़कर खंगाला। दीवान के सामानों को भी चोरों ने तहस नहस कर दिया था। कमरे की तलाशी लेकर चोरों ने सोने की चेन, कान के टप्स, दो अंगुठी, दो चूड़ियां, किट्टी सेट सहित करीब 14 तोले के जेवरात और 13 हजार रुपये नगदी को समेट लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि व्यवसायी के दो पुत्र प्रवीण और गौरव अरोड़ा रुद्रपुर प्रीत बिहार कालोनी में रहकर अपना व्यवसाय करते हैं। पुलिस ने मौके से चोरों की गैती और प्लास को अपने कब्जे में ले लिया।
रात एक बजे टहल रहे थे संदिग्ध लोग
पड़ोसियों ने एसएसआई मनोहर सिंह दसौनी को बताया कि रात एक बजे कुछ लोग मुलक अरोड़ा के मकान के सामने टहल रहे थे लेकिन लोगों ने समझा कि वह मुलाकात करने के लिए आए हैं। समझा जाता है कि रात एक बजे ही चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। कुछ चोर अंदर थे लेकिन एक बाहर लोगों पर निगरानी कर रहा था।