हल्द्वानी। गौलापार के हिम्मतपुर में ट्यूबवेल की मोटर फुंकने से पेयजल संकट बना हुआ है। इससे 50 परिवार प्रभावित हैं। जल संस्थान का दावा है कि शनिवार तक ट्यूबवेल दुरुस्त कर लिया जाएगा।
लालकुआं संस्थान के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने बताया कि इस ट्यूबवेल से कुछ लाइनें जुड़ी हैं। प्रभावित क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लक्ष्मपुर वाले नलकूप से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। जहां प्रेशर न होने की वजह से पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां टैंकरों से पानी बांटा जा रहा है। शुक्रवार को बजुनिया हल्दू, कुसुमखेड़ा, दमुवाढूंगा में आठ टैंकरों से पानी बांटा गया। संवाद
पूर्वी खेड़ा में दो महीने से पेयजल संकट
हल्द्वानी। पूर्वी खेड़ा गौलापार में बीते दो महीने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। गांव में जल जीवन मिशन के तहत लाइनें बिछाने के बावजूद व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पाई। इसे लेकर बीते बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया था। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता दीप बेलवाल ने बताया कि पेयजलापूर्ति बाधित होने की शिकायत नहीं मिली है। संवाद
13 लोगों ने जमा कराया 1.07 लाख का बिजली बिल
हल्द्वानी। जल संस्थान की ओर से शुक्रवार को इंदिरानगर स्थित गोपाल मंदिर में शिविर लगाया गया। इस दौरान 13 लोगों ने बिजली का बिल जमा कराया। 1.07 लाख का राजस्व वसूला गया। शिविर में सहायक अभियंता रवींद्र कुमार व जेई भुवन भट्ट आदि मौजूद थे।