डिवाइडर से टकराकर ट्रक पलटा
- ईंट और सरिया फैलने से सड़क हुई बंद
- एंबुलेंस भी डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त
- पुलिस ने क्रेन से हटवाई निर्माण सामग्री
माई सिटी रिपोर्टर
हल्द्वानी। मंगलपड़ाव में बुधवार की रात डिवाइडर से टकराकर ट्रक पलट गया। घायल चालक का पुलिस ने अस्पताल में इलाज कराया। इसी तरह मुखानी चौराहे पर डिवाइडर से टकराने पर एक एंबुलेंस पलट गई।
अर्जुनपुर गौलापार निवासी शेर सिंह मंडी से ईंट और सरिया लेकर बुधवार की रात ट्रक लेकर बागेश्वर जा रहा था। मंगलपड़ाव के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। सूचना पर मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी कश्मीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को ट्रक से निकालकर अस्पताल भेजा। इस दौरान ट्रक पर लदी ईंटें सड़क पर बिखर र्गइं और रास्ता भी बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन से ट्रक को हटवाया। इसके बाद सड़क से ईंट और सरिया हटाकर यातायात सुचारु कराया। चालक इलाज कराने के बाद घर चला गया। चालक शेर सिंह का कहना था कि ट्रक के सामने जानवर आ गया था। इसी कारण ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। अन्य चालकों का कहना था कि डिवाइडर में नगर निगम ने रेडियम नहीं लगाया है। इसी कारण अंधेरा या बरसात होने पर डिवाइडर दिखाई नहीं देता है और दुर्घटना हो जाती है।
पिछले माह भी इसी जगह पर एक ट्रक एंबुलेंस पर गिर पड़ा था। इधर मुखानी चौराहे पर एक एंबुलेंस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। लोगों का कहना था कि एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। एंबुलेंस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी तरह कालाढूंगी रोड भगवानपुर में भी एक कार डिवाइडर से टकरा गई थी।