नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के सभी परिसरों, संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों में इस सत्र से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार न्यूनतम समान पाठ्यक्रम और क्रेडिट सिस्टम लागू कर दिया जाएगा। संबंधित पाठ्यक्रम विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। कुलपति ने इस संबंध में ऑनलाइन बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए।
शुक्रवार को हुई ऑनलाइन बैठक में कुलपति प्रो. एनके जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार न्यूनतम समान पाठ्यक्रमों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। कहा कि कुछ पाठ्यक्रम ऐसे हैं जो विवि के परिसरों में संचालित नहीं हो रहे हैं लेकिन संबद्ध संस्थानों में उनका संचालन हो रहा है, ऐसे पाठ्यक्रमों के लिए संबद्ध संस्थानों व महाविद्यालयों के निदेशकों और प्राचार्यों का उत्तरदायित्व होगा कि वह संबंधित संयोजक व संकायाध्यक्ष से संपर्क कर 15 जुलाई से पूर्व संबंधित पाठ्यक्रम की बोर्ड ऑफ स्टडी संपन्न कराएं।
कुलपति ने कहा कि संबंधित संयोजक, संकायाध्यक्ष और प्राचार्य अपने पाठ्यक्रमों को बोर्ड ऑफ स्टडी में अनुमोदन करवाकर एक सप्ताह के भीतर विवि की वेबसाइट पर अपलोड कराएंगे। यहां कुलसचिव दिनेश चंद्रा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एचसीएस बिष्ट, निदेशक डीआईसी प्रो. संजय पंत, संकायाध्यक्ष विज्ञान प्रो. एबी मलकानी, संकायाध्यक्ष कला प्रो. आरके पांडे, संकायाध्यक्ष दृश्य कला प्रो. एमएस मावड़ी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एलएस लोधियाल, प्रो. सतपाल बिष्ट, प्रो. लता पांडे, उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. रितेश साह आदि मौजूद रहे।