हल्द्वानी। विभिन्न मांगों के लिए बागजाला क्षेत्र के लोगों का बेमियादी धरना प्रदर्शन मंगलवार को 65 वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार की ओर से उनकी उपेक्षा किए जाने पर रोष जताया। कहा कि यदि शीघ्र उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन को तेज करेंगे।
बागजाला के ग्रामीण भूमि का मालिकाना अधिकार दिलाने, बागजाला को राजस्व गांव बनाने, पंचायत चुनावों में मताधिकार पुनः बहाल करने, निर्माण कार्यों पर लगी रोक हटाने, जल जीवन मिशन योजना से टूटी सड़कों का निर्माण कराने, जल जीवन मिशन कार्य को पूरा कर हर घर नल, हर घर जल देने का कार्य शुरू करने आदि की मांग के लिए आंदोलित हैं। धरने में बैठने वालों में हेमा आर्या, परवेज, उर्मिला रेंशवाल, पंकज चौहान, प्रेम सिंह नयाल, आनंद सिंह नेगी, चंदन सिंह नेगी, गोपाल सिंह बिष्ट, विमला देवी, दिनेश चंद्र आदि शामिल थे।