केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने रविवार को नैनीताल क्लब में हुई पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्र सरकार की उत्तराखंड के दो स्थानों में टेक्सटाइल पार्क खोलने की योजना है। उत्तराखंड सरकार जितनी जल्दी स्थान तय कर केंद्र को भेजेगी, उतनी जल्दी केंद्र सरकार टेक्सटाइल पार्क के निर्माण की कोशिश शुरू करेगी।
टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड सरकार को हर संभव मदद दी जा रही है, उसके बाद भी सीएम हरीश रावत की ओर से यह कहना कि केंद्र राज्य को कोई मदद नहीं कर रहा है, बिलकुल गलत है। उन्होंने कहा कि जब-जब भाजपा सरकार केंद्र में आई है, उत्तराखंड के विकास के लिए जरूरत के मुताबिक धन दिया गया।
वर्तमान में विकास कार्यों में 90 फीसदी केंद्र और 10 फीसदी राज्य का योगदान सुनिश्चित किया गया है। वन रैंक-वन पेंशन के प्रावधान से उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों को काफी लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल पार्क की स्थापना से गरीबों और असंगठित लोगों को लाभ प्राप्त होने के साथ ही यहां के परंपरागत कार्यों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। ब्यूरो
पहली बार नैनीताल आने पर टम्टा का भव्य स्वागत
नैनीताल। केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा के पहली बार नैनीताल आने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। तल्लीताल गांधी चौक में भारी बारिश के बीच कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। बाद में कार्यकर्ता उन्हें वाहनों के काफिले के साथ मल्लीताल नैनीताल क्लब ले गए। इस दौरान मोहन पाल, अंबा दत्त आर्या, एडवोकेट राकेश कुमार, कुंदन बिष्ट, दया किशन पोखरिया, मनोज जोशी, भावना मेहरा, विवेक साह आदि थे। ब्यूरो