डायरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बेस और सुशीला तिवारी अस्पताल में डायरिया मरीजों की संख्या बढ़ रही है। दोनों अस्पतालों में 87 डायरिया पीड़ित मरीज भर्ती हैं। निजी अस्पतालों को मिलाकर डायरिया पीड़ितों की संख्या लगभग 150 है। सिटी मजिस्ट्रेट ने दोपहर में बेस अस्पताल का निरीक्षण किया और साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।
सोमवार को बेस अस्पताल का बाल रोग वार्ड डायरिया पीड़ित मरीजों से भरा हुआ था। 19 बेड पर 38 मरीज थे। एक बेड पर दो बच्चों को रखा गया था। मंगलवार को कुछ मरीजों के डिस्चार्ज होने के बाद भी डायरिया पीड़ितों की संख्या 34 थी। सुशीला तिवारी अस्पताल में 23 बच्चे और 19 वयस्क डायरिया से पीड़ित होने के कारण भर्ती हैं। सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह ने दोपहर में बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने डायरिया के दौरान लगने वाले आईवी सेट के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बाल रोग वार्ड, महिला और पुरुष वार्ड भी देखा। सिंह ने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।