हल्द्वानी। रोडवेज स्टेशन के बाहर लगने वाली इंटर सिटी बसों का स्टैंड हटाने पर चालक और बस मालिक भड़क गए। उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। यातायात निरीक्षक ने तय किया कि ट्रांसफार्मर के सामने एक सप्ताह तक बसें खड़ी कर प्रयोग किया जाएगा।
इंटरसिटी बसें के लिए पुलिस ने नया स्टैंड अब कोतवाली थाने और नैनीताल जिला सहकारी बैंक के बीच में बना दिया है। बृहस्पतिवार को बस अड्डा हटाए जाने के विरोध में चालकों ने विरोध जताया। बस मालिक नए स्टैंड पर जाने के लिए तैयार नहीं थे। काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। यातायात निरीक्षक राकेश माहरा ने सुझाव दिया कि एक सप्ताह तक बसें कोतवाली थाने के पास ट्रांसफार्मर के सामने बसें खड़ी होगी। जाम का आकलन करने के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा। पुुलिस का तर्क है कि रोडवेज बस अड्डे के बाहर इंटर सिटी बसों के खड़ी करने पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी कारण दो दिन पहले सीओ ने शहर के ट्रैफिक रूट में बदलाव किया था।
रामपुर रोड और बरेली रोड को किया जाएगा नो वेंडर जोन
रामनगर। सीओ यातायात प्रमोद शाह ने बताया कि अब पुलिस रामपुर रोड स्थित बस स्टैंड, सिंधी चौराहा से लेकर मंगलपड़ाव
क्षेत्र को नो वेंडर जोन घोषित करेगी। इस क्षेत्र में पुलिस फड़ ठेलेवालों को सड़क पर खड़ा नहीं होने देगी। फल ठेले वाले मुख्य मार्गों से दूर रहेंगे। जाम हटाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई करना आवश्यक हो गया है।
पार्किंग के लिए पुलिस ने नगर आयुक्त को पत्र भेजा
हल्द्वानी। डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे के भीतर व्यवस्था बनाकर ठेले खोके हटाने की कार्यवाही की। वर्कशाप लाइन के पहले प्रेम टाकीज मोड़ और उसके आगे का स्थान पार्किंग के लिए खाली कराया। पार्किंग बनाने के लिए पुलिस ने नगर आयुक्त को पत्र भेज दिया है।
जिला पुलिस के अनुसार वर्कशॉप लाइन के कई व्यापारियों ने अभियान में सहयोग करते हुए सड़क का एक हिस्सा खाली किया है। व्यापारियों ने सड़क के दूसरी ओर भी वाहनों को खड़ा कर दिया था। पुलिस ने वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया। इंटरसिटी वाहन संचालक के वाहन स्वामियों ने इंटरसिटी की व्यवस्था परिवर्तन के बारे में आपत्ति जताई थी। उन्हें जागरूक करते हुए समझाया गया है। सुगम यातायात अभियान के दूसरे चरण में ओके होटल से सिटी चौराहे तक, सिटी चौराहे से रामपुर रोड टेंपो स्टैंड के बीच कोई सवारी नहीं उतारने और फड़, ठेला हटाकर रेडी, ठेला मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए प्रयास किया गया।
रोडवेज बस अड्डे से अतिक्रमण हटाने का अनुरोध
हल्द्वानी। रोडवेज के हल्द्वानी डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने के लिए अनुरोध किया है। कहा कि मुख्य द्वार से बस स्टेशन के अंदर प्रवेश करने वाले वाहनों व बस स्टेशन परिसर में अनावश्यक रूप से छोटे टैंपो, बाइक, स्कूटर, रिक्शा, कार आदि वाहनों के अलावा केएमओयू की वाहनों को प्रात: 9 बजे तक शंकर स्वीट हाउस की ओर संचालित किया जाए, ताकि जाम नहीं लगे।