लालकुआं। विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और उप जिलाधिकारी रेखा कोहली की अगुवाई में आयोजित तहसील दिवस में लोगों ने नई पेयजल लाइन बिछाने के अधूरे कार्य से हो रही परेशानियों का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया।
तहसील कार्यालय में आयोजित तहसील दिवस के दौरान विधायक बिष्ट, उप जिलाधिकारी कोहली और तहसीलदार पूजा पांडे ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा नेता डॉ. राजकुमार सेतिया के नेतृत्व में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने बताया कि वार्ड संख्या पांच सुभाष नगर में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य पिछले कई महीनों से अधूरा पड़ा है। अधूरी खोदाई और पाइपलाइन कार्य के कारण गलियों में मलबा, कीचड़ और पानी भरा हुआ है जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। इस दौरान लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए 34 लोगों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।