हल्द्वानी। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से चोरगलिया रोड को गौला नदी से बचाने के लिए बनाए गए 1.90 करोड़ के प्रस्ताव पर शासन ने मुहर लगा दी है। कार्यदायी संस्था जल्द काम शुरू करेगी।
पिछली वर्ष बरसात के सीजन में क्षतिग्रस्त हुई चोरगलिया रोड को इस बारिश में बचाना भी चुनौती बना हुआ है। मार्ग संकरा है और वर्तमान में यहां एकतरफ से ही वाहनों की आवाजाही हो पा रही है। दरअसल गौला नदी की ओर से सिंचाई विभाग को सुरक्षा दीवार बनानी है। हाल-फिलहाल यह काम पूरा न होता देख लोक निर्माण विभाग ने पिछले दिनों नदी की ओर से जाल लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया था। इसे स्वीकृति के लिए जिला प्रशासन को भेजा गया। प्रस्ताव को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वीकृति मिल गई है। लोनिवि इस क्षतिग्रस्त सड़क को रेलवे पटरी की ओर चौड़ा भी कर रहा है। हालांकि इस कार्य की रफ्तार फिलहाल धीमी है।
चोरगलिया रोड को बचाने के लिए पिछले दिनों नदी की ओर से सुरक्षा कार्य किया गया है। नए प्रस्ताव को शासन स्तर से स्वीकृति मिलने की जानकारी है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बरसात से पहले जाल लगाने का काम किया जाएगा।
प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि हल्द्वानी