नैनीताल नगर के एक प्रतिष्ठित विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा 11 की छात्रा और दूसरे समुदाय के युवक के बीच प्रेम-प्रसंग से सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ने से बच गया। मामले का पता चलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार रात कोतवाली के बाहर जमकर नारेबाजी की। मौलाना की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मामला तूल पकड़ता देख कोतवाली से लेकर मस्जिद तक पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। मामला शांत होने के बाद गुस्साई भीड़ ने युवक के घर पहुंचकर पिता की पीट दिया।
पुलिस के मुताबिक, मल्लीताल क्षेत्र में दूसरे समुदाय का एक युवक किसी मामले में बयान देने कोतवाली पहुंचा। कक्षा 11 की छात्रा भी अपनी दादी के साथ कोतवाली पहुंच गई। जब देर शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचीं तो परिजन कोतवाली पहुंच गए। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब उन्होंने अपनी बेटी को किसी अन्य समुदाय के युवक के साथ कोतवाली में बैठे देखा।
थाने में परिजनों को पता चला कि युवक को दिन में किसी अन्य लड़की के साथ छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने पूछताछ के लिए बैठाया था और छात्रा वहां आरोपी के पक्ष में बैठी थी। यह देख परिजनों ने लड़की को कोतवाली में ही थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद लड़की ने परिजनों के साथ घर जाने से मना कर दिया।
मामले की जानकारी हिंदूवादी संगठनों को मिली तो उन्होंने रात आठ बजे परिजनों के साथ कोतवाली का घेराव कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अन्य थानों से पुलिस बुला ली और थाने के सामने से मस्जिद तक तैनात कर दी। छात्रा के परिजनों का कहना है कि वह कुछ समय से युवक के संपर्क में थी जो उसे नशा करवाता था। इस पर परिजनों ने आपत्ति जताई थी।
हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता दूसरे समुदाय के लोगों पर आरोप लगाते हुए कोतवाली में डटे रहे। एक पक्ष के मौके से चले जाने पर पुलिस अंदाजा लगा रही थी कि मामला शांत हो जाएगा लेकिन जैसे ही बाहर डटे लोगों को युवक के घर चले जाने की सूचना मिली तो वे उसके घर सूखाताल पहुंच गए। वहां युवक नहीं मिला तो उन्होंने उसके पिता नजर खान की पिटाई कर दी। परिजनों ने किसी तरह नजर को युवकों से बचाकर पड़ोसियों के घर में छिपाया। साथ ही पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मारपीट करने वाले युवक भाग गए। इसके बाद घायल को अस्पताल लाया गया। डॉ. दिव्यांशु पुनेठा ने बताया कि इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।
कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि परिजनों की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने छात्रा की काउंसलिंग की। सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।