नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उपाधि और मेडल पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने उपाधियों और मेडल को साथ लेकर परिवार के साथ फोटो खिंचवाई। कई विद्यार्थी कार्यक्रम के बाद परिसर के अलग-अलग हिस्सों में मेडल और उपाधि के साथ सेल्फी लेते भी नजर आए।
जिला पंचायत सदस्य मेलकानी को भी मिली उपाधि
नैनीताल। जिला पंचायत सदस्य डॉ. दीपक मेलकानी ने खून की कमी का अनुवांशिक गुण में शोध कार्य पूर्ण किया। इस दौरान पाया कि अनुवांशिकता के कारण सिलिक सैल एनिमियन की बीमारी पीढ़ी दर पीढ़ी फैल रही है। राज्यपाल गुरमीत सिंह की ओर से मेलकानी को उपाधि प्रदान की गई।
------
जलवायु परिवर्तन के प्रभाव घातक: रॉबिन
नैनीताल। रॉबिन क्षेत्री ने जलवायु परिवर्तन पर शोध कार्य सिक्कम में पूर्ण किया। बताया कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव मनुष्यों के साथ-साथ जीव जंतुओं पर भी पड़ रहा है। जलवायु परिवर्तन को कम करने के लिए धुएं, कार्बनडाई ऑक्साइड समेत सीएफसी गैंसों का कम उपयोग करना चाहिए।
------
मजदूर वर्ग में महिलाओं का शोषण जारी
नैनीताल। देहरादून निवासी शशिकला ने बताया कि अभी तक मजदूर वर्ग में महिलाओं का शोषण हो रहा है। शोध में पाया कि वर्तमान महिलाओं पर अत्याचार अब भी हो रहे हैं। पूर्ण रूप से रूढ़िवाद अभी तक खत्म नहीं हुआ है।
-------
पति-पत्नी ने एक साथ ली उपाधि
नैनीताल। कुमाऊं विवि के 17वें दीक्षांत समारोह में पति पत्नी ने एक साथ उपाधि ली। हिमाचल निवासी डॉ. पवन कुमार ने प्रो. बीएल साह के निदेशन में और उनकी पत्नी डॉ. अनीता गरवाल ने डॉ. राएस भाकुनी के निदेशन में शोध कार्य पूर्ण किया। दोनों को एक साथ राजनीति विज्ञान में पीएचडी की उपाधि दी गई। डॉ. अनीता गरवाल राइंका पैटना ओखलकांडा में प्रवक्ता के पद पर हैं और डॉ. पवन कुमार यूनिटी लॉ कॉलेज में कार्यरत हैं।
------
डॉ. अनीता राणा को रसायन विज्ञान में मिली पीएचडी की उपाधि
नैनीताल। नैनीताल की बेटी डॉ. अनीता राणा को रसायन विज्ञान में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इस मौके पर उनकी माता तारा राणा ने उनके स्थान पर डिग्री ग्रहण की। अनीता राणा कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर की छात्रा रही हैं। उन्होंने प्रो. नंद गोपाल साहू के मार्गदर्शन में नैनो साइंस के विषय पर शोध पूरा किया। अनीता की मां तारा राणा ने कहा उनकी बेटी देश से बाहर होने के चलते समारोह में नहीं पहुंच पाईं।
----------
श्वेता, भावना व समीची को भी मिले मेडल
नैनीताल। लोहाघाट की श्वेता राय को एमएससी भौतिक विज्ञान में 84.4 फीसदी अंक मिलने पर स्वर्ण पदक दिया गया। इसके अलावा भावना चौबे को एमएससी गणित में अच्छे अंक हासिल होने पर मेडल से नवाजा गया। वहीं समीची कांडपाल को विधि संकाय में रजत पदक से नवाजा गया।
--------
डेढ़ लाख लोगों ने देखा सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण
नैनीताल। इस बार दीक्षांत समारोह के लाइव प्रसारण को विद्यार्थियों एवं विशेष रूप से उनके अभिभावकों ने सराहा। दीक्षांत समारोह का विवि के फेसबुक पेज के अलावा सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया गया। सीधा प्रसारण का जिम्मा देख रहे डॉ. केके पांडे ने दावा किया कि 1.5 लाख से अधिक लोगों ने दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण देखा है।