लालकुआं। भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी के सहयोग से दीदी-बैणी उत्सव मनाया गया। चारों मंडलों से पहुंचीं महिलाओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं और दीपेंद्र कोश्यारी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक बताया।
नैनीताल के बुधलाकोट में हरतालिका तीज पर मनेगा रक्षाबंधन
नैनीताल। नैनीताल जिले के समीपवर्ती गांव बुधलाकोट में रक्षाबंधन का पर्व एक अनूठी और प्राचीन परंपरा के साथ मनाया जाता है। देश भर में जहां श्रावण पूर्णिमा को यह त्योहार मनाया जाता है वहीं बुधलाकोट का तिवारी समुदाय मुख्य रक्षाबंधन के ठीक 17 दिन बाद इस पर्व को मनाता है। इस वर्ष गांव में आगामी पांच सितंबर को रक्षाबंधन का पर्व परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आचार्य पंडित प्रकाश जोशी ने बताया कि बुधलाकोट का यह तिवारी समुदाय महान गौतम ऋषि का अनुयायी है और इनका गोत्र भी गौतम है। समुदाय के लोग कई पीढ़ियों से भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया, यानी हरतालिका तीज के पावन दिन विधि-विधान से जनेऊ धारण करते हैं। इसके साथ ही इस विशेष दिन रक्षाबंधन का पर्व भी मनाया जाता है। सदियों पुरानी यह अनूठी सांस्कृतिक परंपरा आज भी गांव में उसी जीवंतता और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है।