भीमताल(नैनीताल)। डीएम ललित मोहन रयाल ने बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय वनाग्नि सुरक्षा समिति की बैठक विकास भवन भीमताल में ली। डीएम ने वनाग्नि रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने, जनजागरूकता, जनसहभागिता के साथ ही विभिन्न विभागों और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने को कहा।
डीएफओ आकाश गंगवार ने जिले में वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम के लिए तैयार कार्ययोजना से डीएम को अवगत कराया। डीएफओ ने वन क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, आग लगने की स्थिति में कार्रवाई के लिए टीमों का गठन, वन समितियों एवं महिला समूहों, विभिन्न संगठनों और विभागों के सहयोग के साथ ही स्थानीय लोगों को जागरूक करने की जानकारी दी। डीएम ने कहा कि वनाग्नि रोकने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग और उनको विश्वास में लेना महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से ही वनाग्नि पर नियंत्रण पाया जा सकता है। डीएम ने बेहतर कार्ययोजना तैयार करने, स्थानीय वन समितियों, युवक, महिला मंगल दल, आपदा मित्रों और महिला स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय करने को कहा। पुरानी फायर लाइन की सफाई का कार्य तेजी के साथ करने और नई का निर्माण कराने कहा। कंट्रोल बर्निंग का कार्य भी 15 फरवरी तक करने के निर्देश दिए। डीएम ने चीड़ के जंगलों से पिरूल जमा करने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों की सहायता लेने को कहा। डीडीओ से जिले की महिला समूहों की सूची जल्द ही वन विभाग को उपलब्ध कराने और पिरूल कलेक्शन के साथ ही उसका वन क्षेत्र से उठान भी समय पर करने के लिए कांपैक्टर लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान रामनगर डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, एसडीओ ममता चंद आदि रहीं। संवाद