हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा चौराहे के पास स्थित राधिका ज्वैलर्स के यहां 19 दिसंबर की रात सेेंध लगाकर एक करोड़ की चोरी में पुलिस के हाथ खाली हैं। झारखंड, महाराष्ट्र और नेपाल के चार युवकों को पकड़कर पुलिस ने तकरीबन 22 लाख रुपये के ज्वैलरी की बरामदगी तो की लेकिन अब भी चार से छह बदमाश फरार है। मास्टरमाइंड जगतराज जोशी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने फिर से रणनीति बना रही है। उसके मोबाइल नंबरों को फिर से स्कैन किया जाएगा।
सीसीटीवी की फुटेज में आठ से दस बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई। पुलिस की छह टीमों ने चोरी के 15 दिन बाद ही चार बदमाशों को पकड़ा था लेकिन मास्टर माइंड जगतराज जोशी पकड़ से दूर रहा। नेपाल में छुपे होने की बात सामने आई है। उसके साथ दो अन्य बदमाश भी नेपाल में छिपे हैं। जांच के दौरान पुलिस ने 24 मोबाइल नंबर स्कैन किए। ये सभी नंबर बदमाशों ने उपयोग में लाए थे। इसमें से चार सिम जगतराज जोशी ने इस्तेमाल किए थे। पुलिस इन नंबरों को दोबारा से स्कैन करेगी। दो टीमों को फिर नेपाल बार्डर पर भेजा जाएगा। वह जनक राज की लोकेशन को ट्रेस करते हुए नेपाल के अंदर भी पुलिस से मदद लेंगे।
खुलासे के लिए आईजी से मिलेंगे व्यापारी
हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि राधिका ज्वैलर्स के यहां से गायब सभी सामान की बरामदगी न होने से व्यापारी निराश हैं। शीघ्र ही व्यापार मंडल का एक शिष्टमंडल आईजी रिद्धिम अग्रवाल से मिलकर ज्ञापन देगा। शहर में चोरी की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
चोरी के मामले में फिर से टीमें सक्रिय हो गई हैं। जगतराज जोशी के चार से पांच नंबरों को फिर से स्कैन कर रहे हैं। मुखानी पुलिस और एसओजी को जल्द ही घटना के पर्दाफाश करते हुए माल की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। -
मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी