नैनीताल। उप प्रधान निर्वाचन को देखते हुए जनपद में संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत ओखलकांडा और बेतालघाट विकासखंडों में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तिथियों में आंशिक संशोधन किया गया है। डीएम के निर्देशानुसार ओखलकांडा में 14 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम अब 20 जुलाई को आयोजित होगा जबकि बेतालघाट के लोहाली में 15 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम 21 जुलाई को संपन्न कराया जाएगा।
डीएम ने संबंधित विभागों को संशोधित तिथियों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन दोनों विकासखंडों के अतिरिक्त जिले के अन्य सभी क्षेत्रों में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे। सेवा पखवाड़ा अभियान के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अधिकाधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है।