फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सात घंटे बंद रहा

विज्ञापन
विज्ञापन
चंपावत। मूसलाधार बारिश ने टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों पहिये थम गए। एनएच पर धौन और स्वांला के पास बोल्डर और मलबा आने से वाहनों का आवागमन सात घंटे बंद रहा। मार्ग बंद होने से 20 से अधिक छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। इससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। दोपहर एक बजे बाद सड़क खुल गई, लेकिन इस मार्ग पर कई जगह आवाजाही जोखिम भरी है। सड़क बंद रहने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर टनकपुर और चंपावत दोनों तरफ वाहनों को रोक दिया गया। वहीं चंपावत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की नौ सड़कें भी बंद हैं।
विज्ञापन

एनएच पर स्वांला और धौन के पास मलबा आने से रविवार सुबह 5:45 बजे से दोपहर एक बजे तक एनएच खंड और आपदा प्रबंधन विभाग ने मशक्कत के बाद दोपहर 1:19 बजे सड़क यातायात के लिए सुचारु कर दी। इसके बावजूद जिले के नौ ग्रामीण सड़कें बंद हैं। लोनिवि के ईई एमसी पांडेय का कहना है कि सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी भेजी गई है।
कलवर्ट बंद होने से चंपावत नगर में घरों में घुसा पानी
चंपावत। नगर क्षेत्र में कई कलवर्ट बंद होने से सड़कों के पानी की निकासी बाधित रही। इसके चलते सड़कों का पानी मकानों के भीतर घुसने से खाद्य सामग्री सहित कई संपत्ति का नुकसान हुआ। एबीडीओ बीबी जोशी ने बताया कि यहां जोध सिंह सामंत, सूरज जोशी, महेंद्र ढेक सहित 10 से अधिक लोगों के मकान और दुकान के भीतर पानी घुस गया। वहीं चंपावत ब्लॉक की ओर जाने वाली सड़क और पूर्ति विभाग के गोदाम के पास छोटी पैदल पुलिया को नुकसान पहुंचा है। (संवाद)
विज्ञापन

बारिश से दिनभर सन्नाटा, जनजीवन अस्तव्यस्त
लोहाघाट/पाटी। झमाझम बारिश से यहां दिनभर सन्नाटा रहा। बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा, लेकिन इससे किसानों को राहत मिली है। बारिश न होने से खेत सूख चुके थे। किसान गणेश राय, महेश राय, रमेश खर्कवाल, रघुवर मुरारी, खीम सिंह, प्रहलाद सिंह, नाथू राम आदि का कहना है कि बारिश शिमला मिर्च, बैगन, मक्का, खीरा, टमाटर, हरी मिर्च, मडुवा, धान के अलावा पशुचारे के लिए काफी लाभदायक हुई है। इधर बारिश होने से लोहावती नदी के उफान पर आने से नदी में जमी गंदगी साफ हो गई है। इधर नायब तहसीलदार विजय गोस्वामी ने बताया कि बाराकोट, लोहाघाट क्षेत्र में बचाव के उपाय किए गए हैं। (संवाद)
चंपावत जिले की बंद नौ आंतरिक सड़कें
ककरालीगेट-पूर्णागिरि, डांडा-मीनार, रौसाल-डुंगराबोरा, डुंगराबोरा-कायम-मटियानी, एसएच 29 से खटोली मल्ली, खटोली मल्ली-वैला, धौन-दियूरी-बजौन, धौन-बड़ोली और सिप्टी-अमकड़िया।
सूखीढांग, चल्थी तक के वाहनों के लिए कुछ देर खुला राजमार्ग
टनकपुर (चंपावत)। बारिश के कारण टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार पूरे दिन बंद रहा। इससे यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। ककरालीगेट बैरियर पर घंटों तक इंतजार के बाद कई यात्रियों को यात्रा स्थगित कर लौटना पड़ा। हालांकि सूखीढांग, चल्थी तक के यात्रियों के लिए कुछ देर यातायात खोला गया। सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि रविवार तड़के से हो रही बारिश से टनकपुर-चंपावत राजमार्ग चल्थी से आगे स्वांला आदि स्थानों पर मलबा आने से बंद रहा। इस कारण टनकपुर से चंपावत की ओर जाने वाले वाहनों को ककरालीगेट बैरियर पर रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि बारिश बंद होने पर दोपहर में सूखीढांग और चल्थी तक जाने वाले वाहनों को छोड़ा गया, लेकिन चंपावत, पिथौरागढ़ के वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें