गौलापार (नैनीताल)। कुंवरपुर गौलापार के एक स्कूल में एक छात्रा ने प्रधानाचार्य पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया तो बखेड़ा हो गया। अभिभावक स्कूल में पहुंच गए और हंगामा करने लगे। स्कूल प्रशासन ने पुलिस बुला ली। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
11वीं की छात्रा ने मैनेजर को शिकायती पत्र दिया कि प्रधानाचार्य ने अनैतिक व्यवहार किया है। मामला अभिभावकों तक पहुंचा तो वे स्कूल में पहुंच गए। उन्होंने प्रधानाचार्य को निलंबित करने की मांग की। मामला बढ़ता देख स्कूल प्रशासन ने पुलिस को बुला लिया। थानाध्यक्ष संजय जोशी ने अभिभावकों को समझाया और प्रधानाचार्य को चोरगलिया थाने भेज दिया।
इसके बाद महिला एसआई दीपा जोशी ने छात्रा से पूछताछ की। छात्रा और उसके परिजनों ने किसी भी प्रकार की कार्यवाही की चाहत से इनकार कर दिया। छात्रा ने महिला एसआई को बताया कि प्रधानाचार्य ने उसे स्कूल में डांट दिया इस कारण उसने उनके खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया गया था। उधर, प्रधानाचार्य का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें पद से हटाने की साजिश रची जा रही है।