नैनीताल। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बृहस्पतिवार को आगामी मानसून सीजन की तैयारियों की ऑनलाइन समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने और सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
लोक निर्माण विभाग को मानसून से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत पूरी करने को कहा गया। बिजली और पेयजल विभागों को आपूर्ति बाधित न होने देने के लिए लाइनों की मरम्मत व रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शहरी विकास विभाग, नगर निकायों और जिलाधिकारियों को नालों व नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। जलभराव से बचने और नदी-नालों के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा डालने वाले अवरोधों व अतिक्रमणों को हटाने पर जोर दिया गया। नदी तटीय क्षेत्रों की संवेदनशीलता को देखते हुए नदियों के चैनलाइजेशन और नदी मार्ग से आरबीएम हटाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सड़क मार्ग पर पुल क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था हेतु अतिरिक्त बेली ब्रिज की मांग की। मुख्य सचिव ने सचिव लोक निर्माण विभाग को अतिरिक्त बेली ब्रिज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम एलएम रयाल ने गौला और नंधौर नदी से हो रहे भू-कटाव की रोकथाम हेतु ड्रेजिंग कार्य कराने का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि बिंदुखत्ता, लालकुआं, शांतिपुरी में भू-कटाव की रोकथाम के लिए पांच करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्य सचिव ने सचिव आपदा प्रबंधन को कार्रवाई के निर्देश दिए।