नैनीताल। नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) के नवनियुक्त सचिव मनीष कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर प्रभावी रोक और जिले के विकास को गति देना है।
सोमवार को उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण का गठन क्षेत्र में सुनियोजित और नियंत्रित विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। इसके तहत सभी निर्माण कार्य भवन उपविधियों (बायलॉज) और प्राधिकरण के नियमों के अनुरूप ही किए जाएंगे। किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सचिव ने कहा कि प्राधिकरण शत-प्रतिशत भवन उपविधियों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेगा।
क्षेत्र में अनियंत्रित निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाकर संतुलित एवं व्यवस्थित विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरणीय और भौगोलिक संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि नियंत्रित विकास ही प्राधिकरण का मूल उद्देश्य है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी निर्माण निर्धारित मानकों और नियमों के आधार पर हों।