रामनगर। ग्राम सावल्दे में अवैध रूप से बिक रही शराब पर रोक लगाने की मांग को लेकर महिला मंगल दल व अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और कोतवाल संजय पांडे का घेराव किया। ग्रामीणों ने कोतवाल को सौंपे ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर शराब की बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई तो वे कोतवाली में धरना प्रदर्शन करने के साथ ही आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
शनिवार की सुबह महिला मंगल दल, माही लक्ष्मी पूजा महिला समूह, संयुक्त संघर्ष मोर्चा, ईको सेंसेटिव जोन विरोधी संघर्ष समिति, देवभूमि विकास मंच व समाजवादी लोक मंच के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से ग्राम सावल्दे में अवैध रूप से बिक रही शराब पर रोक लगाने की मांग को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन किया। उन्होंने कोतवाल का घेराव कर ज्ञापन सौंपा।
कहा कि गांव के कई लोग कच्ची शराब के कारोबार में लिप्त हैं तथा आबादी के बीच बिक रही शराब के कारण गांव के आसपास के क्षेत्र का माहौल लगातार खराब होने के साथ ही छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। नशे में कई परिवार भी तबाह हो रहे है। उन्होंने कहा कि शराब बिक्रेताओं को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है।
विरोध करने पर शराब माफिया गुंडागर्दी पर उतारू हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई शिकायत के बाद कुछ दिन के लिए गांव में शराब पर रोक लगी थी लेकिन आज कल यह अवैध कारोबार पूरे जोरशोर के साथ चल रहा है। पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। कोतवाल संजय पांडे ने इस मामले में ग्रामीणों को कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
इस दौरान प्रभात ध्यानी, मुनीष कुमार, मनमोहन अग्रवाल, ललित उप्रेती, महेश जोशी, संजय रावत, तुलसी जोशी, ललिता रावत, बीना देवी, आशा जोशी, सरस्वती जोशी, तुलसी जोशी, शांति देवी, बसंती देवी, नीमा देवी, नेहा देवी, बलली देवी सहित कई लोग मौजूद रहे।