हल्द्वानी। गैस पाइप लाइन बिछाने के दौरान कार्यदायी संस्था एचपीसीएल मानकों की धज्जियां उड़ा रही है। सड़क काटने के बाद उसे दुरुस्त नहीं किए जाने के कारण रोड निर्माण कार्य प्रभावित हो गया है। इस मामले में लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने एचपीसीएल परियोजना महाप्रबंधक को सख्त संदेश के साथ पत्र भेजा है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार चौधरी ने परियोजना के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि शहर में पाइप लाइन बिछाने के बाद रेस्टोरेशन का कार्य नहीं किया जा रहा है। इस कारण सड़क निर्माण में विलंब हो रहा है। हिम्मतपुर तल्ला, मल्ला, भगवानपुर और बिठौरिया क्षेत्र में एचपीसीएल ने दिसंबर 21 को पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी थी। पांच माह बीतने के बावजूद रेस्टोरेशन का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। अधूरा कार्य होने के कारण रोड का डामरीकरण अभी तक नहीं हो सका। इस मामले में ठेकेदार ने लोनिवि को पत्र लिखकर अवगत कराया है। स्थानीय जनता को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कार्य पूरा नहीं होने के कारण जनता ने भी आंदोलन की चेतावनी दी है। मार्गों से सही नहीं होने कारण दुर्घटनाएं भी हो सकती हैं। कोई अप्रिय घटना होने पर एचपीसीएल ही उसका जिम्मेदार होगा। अधिशासी अभियंता का कहना है कि इस मामले में एचपीसीएल को शीघ्र कार्य पूरा करना चाहिए ताकि बरसात के पहले सड़क का निर्माण कार्य कराया जा सके।