नैनीताल। नववर्ष पर शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी पीएन मीणा ने रविवार को नैनीताल, रूसी, मंगोली, भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पुलिस बल को मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने मुख्य चौराहों और यातायात ड्यूटी में लगे पुलिस बल को प्रभावी यातायात व्यवस्था बनाने के लिए निर्देशित किया। संदिग्धों, हुड़दंग मचाने वालों पर पैनी नजर रखने, पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार कर नैनीताल पुलिस की बेहतर छवि का संदेश देने को कहा। संवाद
रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई : सीओ
रामनगर। थर्टी फर्स्ट की रात और नए साल के जश्न को लेकर सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने रविवार को रिजॉर्ट व होटल कारोबारियों के साथ बैठक की। होटल कारोबारियों से कहा गया कि न तो रात 10 बजे के बाद डीजे बजाएं और न ही बिना बार लाइसेंस के शराब नहीं पिलाएं।
सीओ ने कहा कि थर्टी फर्स्ट की रात को पुलिस की टीमें ढिकुली, क्यारी, छोई, पाटकोट, भलौन, ढेला, सांवल्दे, पीरूमदारा में बने होटल व रिजॉर्ट में चेकिंग करेंगी। हुड़दंग मचाने वालों, रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने वालों और बिना बार लाइसेंस के शराब परोसने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कोतवाल अरुण कुमार, एसएसआई मनोज नयाल, एलआईयू प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी, होटल एसो. के अध्यक्ष हरि सिंह मान, रोहित बेलवाल, मीनाक्षी असवाल, दीपक खर्कवाल आदि थे। संवाद