नैनीताल। हौसला बुलंद हो तो हर मंजिल आसान हो जाती है। खुद पर भरोसा रखें और मेहनत करते रहें तो सफलता जरूर मिलती है। यह कहना है संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 747वीं रेंक हासिल करने वाली नैनीताल की मेधावी छात्रा सोनाक्षी सिंह तोमर का। सोनाक्षी ने कहा कि माता-पिता शुरू से ही चाहते थे कि मैं पढ़-लिख कर देश के विकास में अपना योगदान दूं।
इसी को मैने अपना लक्ष्य बनाया और आज नतीजा सामने है। मूल रूप से पौड़ी जिले के तहसील लैंसडाउन स्थित ग्राम गुमखाल निवासी सोनाक्षी सिंह तोमर के पिता मुकेश तोमर क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ी हैं तथा वर्तमान में कुमाऊं मंडल विकास निगम नैनीताल के पर्यटन अनुभाग में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर तैनात हैं जबकि माता पुष्पा तोमर भारतीय स्टेट बैंक नैनीताल में स्पेशल असिस्टेंट हैं।
सोनाक्षी ने प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई सेंट मैरी कालेज से की। बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहीं सोनाक्षी ने हाईस्कूल की परीक्षा 91.3 फीसदी तथा इंटर की परीक्षा 92.3 फीसदी अंकों से उत्तीर्ण की। उसके बाद उसने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र विषय में ऑनर्स किया। फिर दिल्ली ओपन यूनिवर्सिटी से एमए समाजशास्त्र किया। पहले प्रयास में उन्होंने यूपीएससी की प्री परीक्षा उत्तीर्ण की। दूसरे प्रयास में प्री परीक्षा के साथ मुख्य परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली थी लेकिन इंटरव्यू में रह गईं। अब तीसरे प्रयास में उन्होंने कामयाबी हासिल कर ली ही।