रामनगर। रामनगर वन प्रभाग के देचौरी रेंज में बाघ के हमले में घायल छह माह की हथिनी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वनकर्मियों को बृहस्पतिवार सुबह गश्त के दौरान यह हथिनी घायल अवस्था में मिली थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया था।
देचौरी रेंज के केला खुर कक्ष संख्या पांच में वनकर्मियों को यह घायल हथिनी मिली थी। हथिनी की गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल वन्यजीव चिकित्सकों की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया। वन्यजीव चिकित्सक डॉ. दुष्यंत शर्मा ने बताया कि हालत गंभीर देख हथिनी को रेस्क्यू कर ढेला स्थित रेस्क्यू सेंटर लाया गया था। कुछ घंटे के उपचार के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि मृत हथिनी की उम्र करीब छह माह थी। उसके शरीर पर बाघ के पंजों के गहरे निशान मिले हैं जिससे बाघ के हमले की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद हथिनी के शव को दफना दिया गया है।