हल्द्वानी। मध्यप्रदेश के दो सगे भाई शिवेश और बृजेश के काठगोदाम के जंगल में सल्फास खाने के मामले में पारिवारिक कलह सामने आ रही है। पानीपत से हल्द्वानी पहुंचे उनके मामा सुरेंद्र ने उनकी बुआ पर जमीन हड़पने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों के देरी से पहुंचने के कारण शुक्रवार को शिवेश का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। इधर अस्पताल में भर्ती बृजेश की हालत में सुधार है। हालांकि वह कुछ बोल नहीं रहा है।
मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मनिकवार गांव (मऊगंज) निवासी मनोज कुमार मिश्रा का 21 वर्षीय पुत्र शिवेश अपने भाई बृजेश के साथ बीते दिनों हल्द्वानी आया था। 29 अक्तूबर की दोपहर बाद दोनों भाई काठगोदाम में भदयूनी जाने वाले मार्ग पर जंगल में पड़े मिले थे। पुलिस ने दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां शिवेश की मौत हो गई जबकि बृजेश का उपचार चल रहा है।
सूूचना पर शुक्रवार को उनके मामा सुरेंद्र पांडे पानीपत (हरियाणा) से हल्द्वानी पहुंचे और अस्पताल में बृजेश का हाल जाना। सुरेंद्र का कहना है कि शिवेश के पिता के पास करीब आठ एकड़ जमीन है। इसे हड़पने के लिए उनकी बहन के परिवार को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए विवश किया है।
उन्होंने कहा कि शिवेश की चार बुआ हैं। यदि उन्हें बच्चों की फिक्र होती तो उनमें से एक तो यहां पहुंचती। उन्होंने मामले में जल्द रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही।