भवाली (नैनीताल)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने बृहस्पतिवार को सैनिक स्कूल घोड़ाखाल परिसर में नवनिर्मित शक्ति स्मारक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह स्मारक हमारे देश के सैनिकों के शौर्य और बलिदान को दर्शाता है, जिन्होंने अपना सर्वस्व भारत के लिए अर्पित कर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि अब सैनिक स्कूल में पढ़कर बेटियां भी भारतीय सेना का हिस्सा बनकर देश का मान बढ़ाएंगी। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला में अधिकतम संख्या में कैडेट्स भेजने के लिए सैनिक स्कूल घोड़ाखाल की प्रशंसा की। राज्यपाल ने कहा कि सैनिक स्कूल घोड़ाखाल नौ बार प्रतिष्ठित रक्षा मंत्री ट्रॉफी का विजेता रहा है, जो अपने आप में एक उपलब्धि है। राज्यपाल ने कहा कि सैनिक स्कूल से पढ़े लिखे बच्चे आज सैन्य अधिकारी होने के साथ अन्य जगह भी बड़े पदों पर अपनी सेवा दे रहे हैं।
इससे पूर्व सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन विजय कुमार ठाकुर ने राज्यपाल का स्वागत किया। एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य स्क्वाड्रन लीडर टी रमेश कुमार, स्कूल कैप्टन शिवराज पछाई ने किया।इस दौरान विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राजेश सिंह, कमिश्नर दीपक रावत, डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी, एसडीएम प्रतीक जैन आदि मौजूद रहे।