हल्द्वानी। मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) रणजीत सिंह नेगी ने मंगलवार को नौकुचियाताल स्थित जीआईसी और राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय में शौचालय गंदे मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
जीआईसी नौकुचियाताल में शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चल रहा था। छात्र-छात्राओं से पूछे गए प्रश्नों के अधिकतर ने सही जवाब दिए। अधिकांश अध्यापकों की टीचर डायरी भी बनी हुई मिली लेकिन भवन और कक्षा कक्षों की छत पर पौधे और घास उगी मिली।
सीईओ ने प्रधानाचार्य को विद्यालय और परिसर की साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने के लिए कहा। साथ ही राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को संपूर्ण रूप से गाने, प्रतिदिन अभ्यास कराने और उसकी वीडियो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नौकुचियाताल में शौचालय गंदे मिलने पर नाराजगी जताई। छात्र-छात्राओं से गणित और हिंदी के प्रश्न पूछे गए। अध्यापकों की अध्यापक डायरी मिली। एमडीएम सुचारू था। इस वर्ष की निशुल्क पाठ्यपुस्तकें और नोटबुक वितरित की जा चुकी हैं। विद्यालय में डीएलएड के छात्र भी अध्यापन कार्य कराते मिले। रसोई और परिसर में सफाई मिली। सीईओ ने कहा कि अधिकांश विद्यालयों में स्वच्छता और साफ-सफाई पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।