हल्द्वानी, पीपल पड़ाव रेंज के अदवा नाले के पास आबकारी विभाग द्वारा छापा मारकर पकड़ी गई अवैध शराब ?
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। लॉकडाउन में सख्ती बढ़ी तो शराब तस्करों ने धंधे के लिए नए-नए तरीके अपना लिए। आबकारी और पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने 25 फीट का मचान बनाकर दारू बनानी शुरू कर दी। पहले तो किसी को खबर नहीं लगी। डीएम के आदेश पर जब आबकारी विभाग ने छापा मारा तो तस्करों की तरकीब देख सब हैरान रह गए।
आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में दो टीमों ने पीपल पड़ाव क्षेत्र के अदवा नाले के पास छापा मारा। मौके पर शराब बना रहे चार लोग भाग निकले। जमीन पर तैयार भटिठयों पर अवैध कच्ची शराब बनाई जा रही थी। शराब बनाने में प्रयुक्त लहन करीब 25 फीट ऊपर पेड़ पर बने मचान पर रखी गई थी। टीम ने 700 किग्रा लहन को नष्ट किया। मौके से करीब 115 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी टीम ने बताया कि एक गाड़ी में सिर्फ दो कर्मचारी गए थे। दो वाहनों का ही पास बना था। पूछताछ से पता चला कि शराब ऊधमसिंह नगर जिले के अर्जुनपुर बिंदुखेड़ा के लोग यहां शराब की भट्ठी चलाते हैं। आबकारी विभाग की टीम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वन विभाग ने नहीं दी जानकारी
आबकारी टीम का कहना था कि इस क्षेत्र में वन विभाग की ओर से कटान चल रही है। फिर भी इसकी जानकारी वन विभाग के कर्मचारियों ने नहीं दी।
अनसुलझे सवाल
-जंगल में 25 फीट का पक्का मचान कैसे तैयार हो गया
-ऊधमसिंह नगर की पुलिस एक मरीज के आने पर उसे घेर लेती है लेकिन तस्कर पकड़ में क्यों नहीं आते
- वन विभाग की सक्रियता पर भी सवाल हैं। जंगल में तस्करों की मौजूदगी का पता क्यों नहीं चला
- वन विभाग ने ड्रोन से निगरानी क्यों नहीं की