बेतालघाट (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक का दूरस्थ गांव तल्ली सेटी उपेक्षित है। दो साल पहले गांव तक सड़क बनने के बाद लोगों को गांव के विकास की उम्मीद थी लेकिन सरकारी लापरवाही के चलते ग्रामीणों को निराशा हाथ लगी है। दो माह पहले शुरू किया गया सड़क चौड़ीकरण का काम ठप हो चुका है। पुराने रास्ते को भी ठीक नहीं किया गया है।
दो साल पहले रामनगर-बेतालघाट रोड से तल्ली सेटी तक सड़क बनाई गई थी लेकिन उक्त सड़क संकरी होने के कारण भारी वाहन इसमें नहीं चलते थे। कुछ समय पहले परिवहन मंत्री यशपाल आर्य के निर्देश पर विभाग ने उक्त सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू किया लेकिन दो माह से सड़क चौड़ीकरण का काम ठप पड़ा है।
सिंचाई नहर के टूटने से नहर का सारा पानी इस गांव को जाने वाले पैदल मार्ग पर बह रहा है। रोड पर कई जगह पत्थर पड़े हैं। ग्रामीण बताते हैं कि विभागीय ठेकेदार द्वारा सड़क चौड़ीकरण के लिए जिस जेसीबी मशीन को लगाया गया है वह बेहद पुरानी होने के कारण आए दिन खराब हो जाती है।
इसके चलते सौ मीटर भी सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं हुआ है। वाहन चालक कच्ची रोड से ही गाड़ियां किसी तरह निकाल ले रहे थे लेकिन अब आधे अधूरे चौड़ीकरण के चलते तल्ली सेटी को जाने वाली सड़क में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। इससे तल्ली सेटी, ख़ौला, बवास, सिमतया, चांदपुर गांवों के लोग परेशान हैं।