स्वास्थ्य विभाग ने जिले के समस्त सरकारी अस्पतालों में पॉलिथीन का प्रयोग करने पर पाबंदी लगा दी है। इसके साथ ही अस्पताल में सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान या तंबाकू का प्रयोग करते पकड़े जाने पाए जाने 200 रुपये जुर्माना वसूल किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एलएम उप्रेती ने इस संबंध में जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। सरकारी अस्पतालों को मुख्य गेट पर लिखना होगा कि यह अस्पताल पूरी तरह पॉलिथीन मुक्त है। सीएमओ ने बताया कि अस्पतालों में पॉलिथीन का प्रयोग करने पर प्रतिबंध कड़ाई से लागू करने को कहा गया है। अस्पताल में पहले पॉलिथीन के प्रयोग पर पाबंदी के बारे में प्रचार प्रसार किया जाए। इसके बाद जो भी पॉलिथीन का प्रयोग करते हुए मिलेगा उससे 500 रुपये जुर्माना वसूल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही अस्पतालों में स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। नैनीताल के बीडी पांडेय अस्पताल को वहां की सिस्टर, फार्मेसिस्ट, वार्ड ब्वाय समेत अन्य कर्मचारियों ने पूरी तरह साफ सुथरा कर दिया है। इसी तरह दूसरे अस्पतालों का कूड़ा करकट भी साफ किया जाना है। उन्होंने बताया कि महिला अस्पताल हल्द्वानी, बीडी पांडेय अस्पताल नैनीताल और रामनगर अस्पताल में दस-दस लाख की लागत से शौचालय बनाया जाएगा। शौचालयों में साबुन भी विभाग द्वारा रखा जाएगा ताकि हर व्यक्ति हाथ धोकर ही बाहर आए।