नैनीताल। नगर पालिका की ओर से भवाली में बहुप्रतीक्षित रीसाइक्लिंग प्लांट के लिए चौथी बार निविदा जारी कर दी गई है। यहां 35.02 लाख रुपये से 3135 वर्ग फीट और 875 वर्ग फीट के क्षेत्र में पाइरोलिसिस और ट्रोमल प्लांट के लिए दो शेड बनाए जाने हैं। पूर्व में भी इसके लिए तीन बार निविदा निकाली जा चुकी है लेकिन ठेकेदार नहीं मिला। अब चौथी निविदा दो अगस्त को खोली जाएगी। इस बार शेड निर्माण की निविदा में ठेकेदारों को राहत दी गई है।
बता दें कि उक्त योजना से संबंधित एक मशीन नैनीताल पहुंच चुकी है जबकि शेष भी पूरी तरह तैयार है लेकिन मशीन स्थापना के लिए शेड का निर्माण न होना बड़ा रोड़ा बन रहा है। पालिका में पंजीकृत ठेकेदारों का कहना है कि पूर्व के कार्यों की धनराशि का भुगतान न होने के कारण वह निविदा नहीं भर रहे हैं। तीसरी निविदा में भी पालिका की ओर से धन की उपलब्धता होने पर भुगतान के बिंदु से ठेकेदार परेशान हैं।
पालिका के प्रशासक केएन गोस्वामी ने बताया कि चौथी निविदा में समर्पित योजना के लिए बजट के लिए अलग से धन सुरक्षित रखने का जिक्र किया गया है। यही नहीं आम तौर पर निविदा में दी जाने वाली 10 फीसदी की धरोहर धनराशि को घटाकर पांच फीसदी कर दिया गया है। इसमें भी निविदा अवार्ड होने पर दो फीसदी और शेष तीन फीसदी कार्य के दौरान भुगतान से समायोजन करने की ढील दी गई है। संवाद