हल्द्वानी। सस्ता गल्ला विक्रेताओं को अब गोदाम से महीने की 23 तारीख तक राशन का वितरण होगा। विक्रेता महीने की पहली तारीख से 22 तारीख तक लगातार राशन का वितरण करेंगे। आरएफसी ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
सस्ता गल्ला दुकानों पर समय पर राशन वितरण नहीं हो पाता है। इसका एक कारण एफसीआई से गेहूं समय से नहीं मिलना और दूसरा कारण गोदाम का निर्माण कार्य था। अब गेहूं की आपूर्ति सुचारू हो गई है। आरएफसी ने गोदाम से राशन उठाने की समय सीमा भी तय कर दी है। आरएफसी हरबीर सिंह ने बताया कि अब 23 से 30 मई तक गोदाम से सस्ता गल्ला विक्रेताओं को राशन का वितरण होगा। एक से 22 मई तक उपभोक्ताओं को राशन देना होगा। उधर पूर्ति निरीक्षक रवि सनवाल ने बताया कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी सस्ता गल्ला की दुकानों के सामने कार्ड धारकों की सूची लगाने के आदेश किए हैं।