रामनगर (नैनीताल)। रामनगर से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का टिकट फाइनल होने पर अब सबकी निगाहें रणजीत रावत पर टिक गई हैं। रणजीत रावत अभी अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं। उनका कहना है कि समर्थकों के साथ फार्म हाउस पर मंथन चल रहा है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए जा रहे है। मंथन के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।
रणजीत रावत के रामनगर के मोतीपुर गांव स्थित फार्म हाउस में मंगलवार को बड़ी संख्या में समर्थक जुटे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर हमने फसल उगाई है तो दूसरे को काटने दें। कार्यकर्ताओं ने इसे मानने से इन्कार कर दिया। उधर, पत्रकारों से बातचीत में रणजीत रावत ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि राजनीति में कोई फैसला अकेले नहीं लिया जा सकता। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, कांग्रेस प्रदेश महासचिव किशोरी लाल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष दिनेश हरबोला, ब्लॉक अध्यक्ष मालधन ओम प्रकाश, ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण देशबंधु सिंह रावत, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव हरिप्रिया सती, नगर पालिका सभासद विमला आर्य, ओम प्रकाश आर्यवंशी, नरेश कालिया, अनिल अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, प्रेम जैन आदि मौजूद रहे।