रामनगर वेबसीरिज की शूटिंग का दृश्य।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। हरे भरे जंगल और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों की वजह से उत्तराखंड देश-विदेश के फिल्मकारों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। यह कहना है पिछले एक सप्ताह से रामनगर में वेब सीरीज गदेरा की शूटिंग के लिए पहुंचे फिल्म निर्देशक योगेश वत्स का।
योगेश वत्स ढिकुली स्थित जंगल लोर रिजॉर्ट में सप्ताह भर से पूरी यूनिट के साथ ठहरे हुए हैं और विभिन्न जगहों पर रोजाना वेब सीरीज को शूट किया जा रहा है। इसमें स्थानीय कलाकारों को अभिनय का मौका मिला है। फिल्म में कई विदेशी कलाकार भी शूटिंग के लिए रामनगर पहुंचे हैं। कोसी नदी में फिल्मांकन के दौरान वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल घिल्डियाल और राजेश आर्य विभिन्न भूमिकाओं में नजर आए। मुख्य अभिनेता देव सिंह गड़िया भी मूलत: चमोली गढ़वाल के रहने वाले हैं।
गदेरा में अंग्रेजी हुकूमत से लेकर गोरखा राज को दिखाया
गदेरा वेब सीरीज में अंग्रेजों के दौर से गोरखाओं के राज को दिखाया गया है। इसमें जल, जंगल और जमीन पर फिरंगियों के कब्जे की शुरुआत और इसके खिलाफ पहाड़ की जनता के विद्रोह की कहानी को दिखाया गया है। यह फिल्म गढ़वाली और अंग्रेजी भाषाओं में बन रही है। इसे सिनेमा हॉल के अलावा ऑनलाइन प्लेटफार्म पर प्रदर्शित किया जाएगा। निर्देशक योगेश वत्स ने बताया कि रामनगर से पहले ऋषिकेश में इसकी शूटिंग की जा चुकी है और इसके बाद टीम नैनीताल जाएगी। विधायक प्रतिनिधि गणेश रावत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार के सिंगल विंडो सिस्टम से अनुमति देने के बाद पहाड़ की ओर फिल्मकार रुख करने लगे हैं।