रामनगर (नैनीताल)। ढेला नदी के तेज बहाव में बहने से नौ लोगों की मौत होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पर्यटक जिस रिजॉर्ट में रुके थे, प्रशासनिक टीम ने उसे सील कर दिया। रिजॉर्ट की गतिविधियों की पुलिस पड़ताल कर रही है। प्रशासन की कार्रवाई से रिजॉर्ट संचालकों में खलबली मची है।
रामनगर के ढेला में स्थित कॉर्बेट स्माल टाउन होटल एंड रिजॉर्ट में पटियाला पंजाब के पर्यटक रुके थे। पर्यटक बृहस्पतिवार शाम चार बजे पहुंचे थे और रात में रुकने के बाद सुबह लौट रहे थे। पर्यटकों के संबंध में जानकारी लेने जब पुलिस टीम रिजॉर्ट पहुंची तो पुलिस को गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। सूत्रों की मानें तो रिजॉर्ट में रात के समय डांस पार्टी आयोजित हुई थी जिसमें शामिल होने पंजाब के पर्यटक भी आए थे।
पुलिस प्रशासन ने जांच पड़ताल शुरू की तो कई खामियां सामने आईं। खामियां को देखते हुए एसडीएम गौरव चटवाल, सीओ बलजीत सिंह भाकुनी सहित टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रिजॉर्ट को सील कर दिया। एसडीएम गौरव चटवाल ने बताया कि रिजॉर्ट के नाम पर जमीन नहीं है और ना ही रिजॉर्ट का रजिस्ट्रेशन है। दूसरी ओर, सीओ बलजीत सिंह भाकुनी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को सामने रखते हुए जांच पड़ताल कर रही है। बता दें कि यह रिजॉर्ट ढेला पुलिस चौकी से लगा हुआ है।