रामनगर। नगर के प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर के टीले की सुरक्षा का कार्य सिंचाई विभाग इसी महीने शुरू करने जा रहा है। मंजूरी के बाद मंदिर के टीले तक सीढ़ीनुमा ब्लॉक बनाकर इसे मजबूती देने का कार्य किया जाएगा।
रामनगर का ऐतिहासिक गर्जिया देवी मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बीतें कुछ वर्षों से कोसी नदी में बाढ़ से मंदिर का टीला जर्जर हो गया है। इसके संरक्षण के लिए सिंचाई विभाग और आईआईटी रुड़की की टीम ने टीले के चारों ओर लोहे और कंक्रीट का जाल बनाया था। अब दूसरे चरण के सुरक्षा कार्यों के तहत विभाग की तैयारियां तेज हो गई हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि टीले के चारों ओर 70 फीट तक सीढ़ीनुमा सीसी ब्लॉक बनाए जाने हैं। मंजूरी पर अक्तूबर के अंतिम सप्ताह से कार्य शुरू कर दिया जाएगा।